जयपुर, 24 फरवरी 2026(न्याय स्तंभ)। नगर निगम जयपुर की टीम एवं जय मां सरस्वती विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने सिविल लाइन जोन के वार्ड संख्या 44 (शांति नगर, ब्लॉक-4) में कचरा पृथक्करण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने घर-घर जाकर रहवासियों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में समझाया।
निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों में दो डस्टबिन का उपयोग करें—एक गीले कचरे के लिए और दूसरा सूखे कचरे के लिए—ताकि कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण संभव हो सके। साथ ही यह भी बताया गया कि कचरा केवल नगर निगम के अधिकृत वाहन में ही दें, ताकि स्वच्छता व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
विद्यार्थियों ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और कपड़े के थैलों को अपनाने का संदेश दिया। टीम ने सेनेटरी व घरेलू हानिकारक कचरे के सुरक्षित निस्तारण के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। अभियान के अंत में क्षेत्रवासियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर जयपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।