बड़ा खुलासा-राजस्थान में फेल हुआ ‘मोदी मॉडल’? आखिर क्यों शुरू करनी पड़ी ग्रामीण चौपाल?

“दिल्ली हुई सख्त, जयपुर में बढ़ी हलचल! क्या राजस्थान सरकार पर भारी पड़ रही ग्रामीण नाराज़गी?”

(मतीष पारीक)

जयपुर, 16 मई 2026(न्याय स्तंभ)। प्रदेश में इन दिनों एक तरफ सरकार और भाजपा संगठन की ओर से यह ढिंढोरा पीटा जा रहा है कि राज्य सरकार बेहद संवेदनशील है, हर व्यक्ति की सुनवाई हो रही है और भाजपा संगठन बूथ से लेकर गली स्तर तक जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। यह दावा भी किया जा रहा है कि बूथ स्तर तक संगठन की इतनी मजबूत पकड़ है कि लोगों की समस्याएं तत्काल हल हो रही हैं और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या वाकई में भाजपा का बूथ इतना मजबूत है, जितना कागजों में दिखाया जा रहा है?

सूत्रों की मानें तो जब केंद्र सरकार और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने राजस्थान की जमीनी हकीकत की गंभीर पड़ताल करवाई, तो सामने आए फीडबैक ने दिल्ली से लेकर जयपुर तक सत्ता और संगठन के शीर्ष नेताओं की नींद उड़ा दी। कागजों और बैठकों में जिस “मजबूत संगठन” और “संवेदनशील सरकार” की तस्वीर पेश की जा रही थी, गांव-ढाणी की हकीकत उससे बिल्कुल अलग निकली।

फीडबैक में सामने आया कि प्रदेश के कई ग्रामीण इलाकों में लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं, किसानों को खेती के लिए पर्याप्त बिजली सप्लाई नहीं मिल रही, खाद-बीज की किल्लत बनी हुई है, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच रहा और स्थानीय अधिकारी शिकायत सुनने तक को तैयार नहीं हैं। स्कूलों में शिक्षक नहीं, बच्चों के बैठने को भवन नहीं, किताबें और यूनिफॉर्म तक समय पर नहीं मिल रही। गांवों में छोटी-छोटी समस्याएं वर्षों से मुंह बाए खड़ी हैं।

बताया जा रहा है कि इन रिपोर्टों के बाद दिल्ली से प्रदेश नेतृत्व और सरकार के मुखिया तक कड़ा संदेश पहुंचा। इसके बाद सरकार और संगठन दोनों हरकत में आए और “ग्राम चौपाल” व “जन संवाद” जैसी कवायद को तेजी से मैदान में उतारा गया। उद्देश्य साफ था—मोदी मॉडल को गांव-ढाणी तक जमीनी हकीकत में बदलना और उन लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना जो अब तक वंचित रह गए।

पंचायत चुनाव नहीं, 2028 की बुनियाद!

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि यह कवायद केवल पंचायत चुनाव तक सीमित नहीं है। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व पंचायत चुनाव को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव की प्रयोगशाला के रूप में देख रहा है। पार्टी जानती है कि यदि गांव में असंतोष बढ़ा तो उसका असर सीधे बड़े चुनावों पर पड़ेगा।

यही कारण है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी और संगठन से जुड़े नेताओं की टीमों को सक्रिय किया गया है। कई जगहों पर करीब 200 लोगों तक की टीमों को गांव-गांव भेजा गया ताकि वास्तविक स्थिति समझी जा सके।

लेकिन यहां सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल खड़ा हो गया है—अगर योजनाओं का लाभ पहले ही लोगों तक पहुंच चुका था, जनता खुश थी, बूथ मजबूत थे और संगठन पूरी तरह सक्रिय था, तो फिर 200-200 लोगों की टीम उतारने की जरूरत आखिर क्यों पड़ी?

CM के सामने ग्रामीणों ने खोली जमीनी व्यवस्था की पोल!

चौपालों में अब सरकार और संगठन सीधे ग्रामीणों से पूछ रहे हैं—“आपकी समस्या क्या है?” और जवाबों ने व्यवस्था की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं। ग्रामीण खुलकर कह रहे हैं—स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, बच्चों के पढ़ने के लिए भवन नहीं हैं, पीने का पानी नहीं है, किताबें और यूनिफॉर्म समय पर नहीं मिलती, बिजली विभाग सुनवाई नहीं करता, राशन वितरण में मनमानी और अधिकारी शिकायतें सुनने को तैयार नहीं है। 

सबसे चौंकाने वाली बात यह मानी जा रही है कि सरकार के सामने जो समस्याएं आ रही हैं, वे कोई बहुत बड़ी या जटिल नहीं हैं। इनमें से अधिकतर ऐसी समस्याएं हैं जिनका समाधान स्थानीय स्तर पर आसानी से हो सकता था। न बड़ी रणनीति की जरूरत, न फाइलों के पहाड़ की। इसके बावजूद वर्षों तक इनका हल नहीं हुआ। इससे सरकार की निगरानी और संगठन की जमीनी सक्रियता दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

यह भी चर्चा में है कि यह केवल “लोगों की बातें” नहीं हैं, बल्कि वह हकीकत है जो खुद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने पहुंच चुकी है और भाजपा संगठन लगातार सुन रहा है।

मोदी के नाम पर वोट, लेकिन क्या डिलीवरी हुई?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में लोगों ने केवल प्रदेश नेतृत्व को देखकर वोट नहीं दिया था। बड़ी संख्या में मतदाताओं ने **प्रधानमंत्री Narendra Modi की गारंटी और चेहरे पर भरोसा जताया था। लोगों को विश्वास था कि जो कहा गया, वह जमीन पर उतरेगा। लेकिन यदि योजनाओं की डिलीवरी कमजोर रही और संगठन जमीनी स्तर पर असरदार साबित नहीं हुआ, तो इसका असर केंद्र की छवि पर भी पड़ सकता है।

यही वजह है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व किसी भी संभावित एंटी-इनकंबेंसी को अभी से गंभीरता से लेने लगा है।

विचारधारा से जुड़े लोगों का कहना है कि भाजपा की सोच हमेशा अंत्योदय की रही है। उनका कहना है कि राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरूं सिंह शेखावत ने अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सुविधा पहुंचाने का जो विचार दिया था, भाजपा उसे अपनी वैचारिक पहचान मानती रही है। लेकिन अब सवाल यही उठ रहा है कि क्या “अंतिम व्यक्ति तक लाभ” का सपना सिर्फ भाषणों तक सीमित रह गया है?

लोग अब सरकार और उन भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ उम्मीद से देख रहे हैं, जिनके कहने पर उन्होंने यह सोचकर वोट दिया था कि इस बार गांव-ढाणी में हालात बदलेंगे। बदलाव कितना होगा, यह भविष्य बताएगा, लेकिन इतना जरूर है कि छोटी-छोटी समस्याएं अब सरकार और संगठन के सामने मुंह बाए खड़ी हैं और जमीनी सच्चाई को जोरदार तरीके से उजागर कर रही हैं।

मुख्य सवाल जो सरकार और संगठन के सामने खड़े हैं?

-अगर बूथ मजबूत थे तो छोटी समस्याएं वर्षों तक लंबित क्यों रहीं?

-योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा या सिर्फ रिपोर्टों में दिखा?

-क्या स्थानीय अधिकारी और कार्यकर्ता जमीनी जिम्मेदारी निभा पाए?

- पंचायत चुनाव से पहले अचानक चौपालों की जरूरत क्यों महसूस हुई?

- क्या कागजी आंकड़ों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है?

-क्या ग्रामीण नाराज़गी भविष्य में भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती बन सकती है?

गाँव ढाणी से उठती प्रमुख समस्याएं-

🔸 पीने के पानी का संकट

🔸 खेती के लिए पर्याप्त बिजली नहीं

🔸 खाद-बीज की उपलब्धता में परेशानी

🔸 स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी

🔸 विद्यालय भवन, किताबें और यूनिफॉर्म की समस्या

🔸 राशन वितरण में कथित मनमानी

🔸 पंचायत और विभागीय अधिकारियों की अनदेखी

🔸 सड़क, नाली और छोटी मूलभूत समस्याएं लंबित

🔸 स्वास्थ्य सेवाओं की कमी

🔸 पेंशन और सामाजिक योजनाओं में देरी

🔸 युवाओं में रोजगार और कौशल अवसरों की कमी

केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश संगठन और सरकार को क्या निर्देश दे सकता है

-रिपोर्ट नहीं, रिजल्ट” मॉडल लागू हो

कागजी आंकड़ों के बजाय जमीनी समाधान आधारित समीक्षा हो।

बूथ स्तर पर जवाबदेही तय हो!

हर बूथ कार्यकर्ता को क्षेत्र की समस्याओं की जिम्मेदारी दी जाए।

मुख्यमंत्री मॉनिटरिंग सिस्टम बने-

हर विधानसभा की समस्याओं की सीधी समीक्षा मुख्यमंत्री कार्यालय करे।

चौपाल को समाधान मंच बनाया जाए जहां सिर्फ शिकायत नहीं, तय समय में निस्तारण अनिवार्य हो।

अफसरों की जवाबदेही तय हो जिससे स्थानीय स्तर पर छोटी समस्याएं लंबित रखने वालों पर कार्रवाई हो।

योजनाओं का सोशल ऑडिट हो जिसमें यह जांच हो कि लाभ किन लोगों तक नहीं पहुंचा और क्यों?

पंचायत चुनाव से पहले गांवों में भरोसा लौटाने की रणनीति, भाजपा संगठन को चुनावी नहीं, जनसेवा आधारित सक्रियता दिखानी होगी।

अब निगाहें दिल्ली पर…

राजस्थान में चौपालों और ग्रामीण फीडबैक ने एक बात तो साफ कर दी है—भाजपा को जमीनी स्तर की सच्चाई का अहसास हो चुका है। अब देखने वाली बात यह होगी कि केंद्रीय नेतृत्व इसे केवल संगठनात्मक कमजोरी मानता है या सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था में भी बड़े बदलाव की जरूरत महसूस करता है। पंचायत चुनाव से पहले यह कवायद भाजपा के लिए सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजनीतिक परीक्षा बन चुकी है।

Related Articles