शत्रुघ्न गौतम का ‘अहम’ पड़ा भारी, मिथिलेश गौतम की खामोशी से फिसला केकड़ी ?

मित्तल की बगावत से बदला समीकरण, विधायक गौतम से टकराव और संगठन की चुप्पी ने बढ़ाई मुश्किलें

(मतीष पारीक)

केकड़ी, 22 सितंबर 2026 (न्याय स्तंभ)। अजमेर संभाग की निकाय राजनीति में भाजपा के मजबूत प्रदर्शन के बीच केकड़ी नगर पालिका का नतीजा पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका बनकर सामने आया है।

40 सदस्यीय बोर्ड में भाजपा के 18, कांग्रेस के 20 और आरएलपी के 2 पार्षद चुने गए थे। अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के अनिल मित्तल ने भाजपा के विनीत चोरड़िया को 21-19 से हरा दिया। यानी भाजपा बहुमत के 21 के आंकड़े तक पहुंचने के बजाय अपने 18 वोट से केवल एक अतिरिक्त वोट जुटा सकी। 

केकड़ी की हार का सबसे बड़ा कारण चुनाव से ठीक पहले भाजपा के पुराने चेहरे अनिल मित्तल का पार्टी छोड़कर कांग्रेस में जाना माना जा रहा है। मित्तल पूर्व पालिकाध्यक्ष रह चुके हैं और चुनाव से पहले भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए। उन्होंने वार्ड 25 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीता और बाद में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार बने। 

स्थानीय राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, मित्तल और भाजपा विधायक शत्रुघ्न गौतम के बीच लंबे समय से चल रही कथित तल्खी ने इस बगावत की जमीन तैयार की। सूत्रों का दावा है कि मित्तल के तेल कारोबार को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि ऑयल मिल बंद करवाने की कथित धमकी तक की बात सामने आई। मित्तल के नहीं झुकने के बाद टकराव और गहरा गया।

इसी दौरान अनाज मंडी में व्यापारियों के लाइसेंस जांचे जाने की प्रक्रिया शुरू होने से व्यापारी वर्ग में भी नाराजगी की चर्चा रही। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

यहीं से भाजपा के लिए चुनावी गणित बिगड़ता नजर आया। स्थानीय जानकारों के अनुसार वैश्य और व्यापारी वर्ग का एक हिस्सा भाजपा का पारंपरिक समर्थक माना जाता है। ऐसे में यदि इस वर्ग में नाराजगी पैदा हुई तो उसका असर चुनावी नतीजों पर पड़ना स्वाभाविक था। हालांकि किस मतदाता ने किसे वोट दिया, इसका प्रत्यक्ष प्रमाण उपलब्ध नहीं है।

विधायक की भूमिका पर भी सवाल 

अब केकड़ी में सबसे बड़ा सवाल विधायक शत्रुघ्न गौतम की राजनीतिक रणनीति को लेकर उठ रहा है। मित्तल जैसे पुराने भाजपा नेता को चुनाव से ठीक पहले पार्टी से अलग होने से रोकने में संगठन कितना सफल रहा, यह सवाल अब परिणाम के बाद और बड़ा हो गया है। एक व्यक्तिगत टकराव अगर पार्टी के बोर्ड के गणित को प्रभावित करने लगे तो इसकी राजनीतिक कीमत आखिर किसे चुकानी पड़ती है—केकड़ी का परिणाम इसका जवाब देता दिखाई देता है।

संगठन महामंत्री मिथिलेश गौतम की भूमिका पर भी प्रश्न चिन्ह 

इस पूरे घटनाक्रम में प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। वे केकड़ी के निवासी हैं और क्षेत्र की राजनीति में उनकी पकड़ मानी जाती है। हालांकि वर्तमान निकाय चुनाव प्रबंधन में उन्हें बीकानेर संभाग की जिम्मेदारी दी गई थी और वहां चुनावी समन्वय में उनकी भूमिका थी। 

लेकिन प्रदेश स्तर के नेता होने के नाते, स्थानीय राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि केकड़ी में विधायक और मित्तल के बीच बढ़ते मतभेद को सुलझाने के लिए क्या कोई प्रभावी पहल की गई? समय रहते संवाद और समझौते की कोशिश होती तो शायद मित्तल का कांग्रेस में जाना रोका जा सकता था। यह अलग बात है कि इससे भाजपा की जीत निश्चित होती, ऐसा दावा नहीं किया जा सकता।

दूसरी तरफ, अनिल मित्तल की भूमिका भी सवालों से परे नहीं है। लंबे समय तक भाजपा में रहने के बाद चुनाव के ठीक पहले पार्टी छोड़कर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना और फिर उसी भाजपा के खिलाफ अध्यक्ष पद हासिल करना उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और व्यक्तिगत प्रभाव दोनों को दिखाता है। अध्यक्ष चुनाव से ठीक पहले भाजपा पार्षद की ओर से मित्तल पर वोट के बदले धन के कथित प्रलोभन का आरोप भी लगाया गया था, हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई और मित्तल का पक्ष भी अलग से सामने आना जरूरी है। 

केकड़ी का नतीजा इसलिए सिर्फ 21-19 की हार नहीं है। यह भाजपा के 18 पार्षदों, मित्तल की बगावत, विधायक गौतम से कथित टकराव, व्यापारी वर्ग की नाराजगी और संगठन की मध्यस्थता की कमी—इन सभी सवालों को एक साथ सामने लाने वाला परिणाम है। अजमेर संभाग में भाजपा के व्यापक प्रदर्शन के बीच केकड़ी की यह हार अब संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय जरूर बन गई है।

नोट:- न्याय स्तंभ किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं करता।

Related Articles