जयपुर, 16 मार्च 2026(न्याय स्तंभ)। जयपुर में सुनियोजित और संतुलित नगरीय विकास को गति देने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने पांच नई लैंड पूलिंग योजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया है। इस संबंध में सोमवार को जेडीए के चिंतन सभागार में विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विस्तार और आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जोन-14 के महल रोड क्षेत्र के अंतर्गत सांगानेर तहसील के ग्राम रामचन्द्रपुरा, विधाणी, रामपुरा उर्फ कंवरपुरा, जयचंदपुरा और विमलपुरा में करीब 350 हेक्टेयर क्षेत्र में दो लैंड पूलिंग योजनाओं का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा जोन-8 में सांगानेर, जोन-10 में बस्सी और जोन-12 में कालवाड़ क्षेत्र में एक-एक लैंड पूलिंग योजना प्रस्तावित की गई है।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा राज्य बजट में प्रदेशभर में 20 नई लैंड पूलिंग योजनाएं शुरू करने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इन योजनाओं के तहत शहरों में आधारभूत सुविधाओं के साथ योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रस्तावित योजनाओं के तहत भविष्य में पार्क, सीवरेज लाइन, ड्रेनेज सिस्टम, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्कूल और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भूमि, कम्युनिटी सेंटर, हेल्थ सेंटर या डिस्पेंसरी तथा धार्मिक स्थलों सहित विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं का समुचित विकास किया जाएगा।
जेडीए का मानना है कि इन लैंड पूलिंग योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जयपुर में सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी और शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।