पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नजर, अब प्रधानमंत्री निशाने पर

जयपुर में पटकथा, दिल्ली में निर्देशक! 

 

बिड़ला ऑडिटोरियम के मंच से उठे प्रोटोकॉल विवाद के बाद सोशल मीडिया पर नई पटकथा

 

पंचायत चुनावों की हार का ठीकरा भी मोदी के सिर, आखिर इस सियासी कहानी का लेखक कौन?

 

बिड़ला ऑडिटोरियम से सोशल मीडिया तक, आखिर किसका राजनीतिक एजेंडा?

 

जयपुर 24 नवंबर 2026(न्याय स्तंभ)।राजस्थान की राजनीति में कुछ लोगों की बेचैनी अब सोशल मीडिया की पोस्टों में भी दिखाई देने लगी है। कभी प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाओं को हवा दी जाती है, कभी सरकार और संगठन के नेतृत्व पर सवाल उठाए जाते हैं और अब पंचायत एवं जिला परिषद के चुनाव परिणामों को आधार बनाकर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर यह सब अचानक क्यों और किस राजनीतिक सोच के तहत हो रहा है?

हाल ही में सोशल मीडिया पर प्रकाशित एक लेख में राजस्थान के पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों को प्रधानमंत्री के केंद्रीय नेतृत्व से जोड़ते हुए भाजपा के राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठाए गए। लेख में प्रदेश सरकार और संगठन की जवाबदेही से आगे बढ़कर केंद्रीय नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की गई। यानी गांवों और पंचायतों के चुनावों में पार्टी को मिली हार का हिसाब भी अब दिल्ली से मांगा जा रहा है।

यहां सवाल लेख लिखने की मंशा से ज्यादा उस राजनीतिक सोच का है, जो हर असफलता का ठीकरा नेतृत्व पर फोड़ती है, लेकिन अपनी भूमिका पर आत्ममंथन करने से बचती दिखाई देती है। स्थानीय चुनावों में प्रत्याशियों का चयन किसने किया? संगठन की जिम्मेदारी किसकी थी? कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के लिए किसने प्रयास किए? इन सवालों पर चर्चा करने के बजाय प्रधानमंत्री के नेतृत्व को कटघरे में खड़ा करना आखिर किस राजनीतिक गणित का हिस्सा है?

इस पूरे घटनाक्रम को बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित उस कार्यक्रम के संदर्भ में भी देखा जा रहा है, जहां संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के सम्मान, मंचीय व्यवस्था और प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठे थे। कार्यक्रम के संयोजन से जुड़े राजनीतिक-सामाजिक हलकों में सक्रिय कुछ चेहरों की भूमिका और उनकी बाद की सोशल मीडिया टिप्पणियां अब चर्चा का विषय बन रही हैं। उस कार्यक्रम में पदों की गरिमा और प्रोटोकॉल को लेकर उठे सवालों के बाद अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर सवाल उठाने वाले लेख ने नई बहस छेड़ दी है।

राजनीति में कुर्सी को लेकर चर्चाएं नई नहीं

 राजस्थान में मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर समय-समय पर उठती रही चर्चाओं के बीच अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व को भी स्थानीय चुनावों के बहाने निशाने पर लिया जाना कई सवाल खड़े करता है। क्या यह केवल चुनावी हार की समीक्षा है या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक एजेंडा भी काम कर रहा है? क्या प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय नेतृत्व को लेकर भी कोई अलग पटकथा तैयार की जा रही है?

एक सवाल और भी महत्वपूर्ण है। क्या यह पटकथा जयपुर में बैठकर लिखी जा रही है या दिल्ली में बैठे राजस्थान के राष्ट्रीय पदाधिकारी कर रहे हैं निर्देशन? क्या कोई ऐसा राजनीतिक समीकरण तैयार करने की कोशिश में है, जिसमें राजस्थान की मुख्यमंत्री की कुर्सी से लेकर प्रधानमंत्री की कुर्सी तक को चर्चा के दायरे में रखा जाए?  लगातार सामने आ रही टिप्पणियों के चलते ऐसे सवाल उठ रहे हैं। इसमें केवल इस राष्ट्रीय पदाधिकारी की भूमिका है या कोई और भी  इसमें शामिल है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व राष्ट्रीय राजनीति का विषय है, जबकि ग्राम पंचायत और जिला परिषद के चुनावों में हार-जीत के अपने स्थानीय कारण होते हैं। इन दोनों को एक ही तराजू में रखकर राजनीतिक निष्कर्ष निकालना भी समीक्षा से ज्यादा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश लग रही है।

विडंबना यह है कि कुछ लोगों को मंच पर संवैधानिक पदों के प्रोटोकॉल और सम्मान की चिंता कम दिखाई देती है, लेकिन सोशल मीडिया पर बैठकर देश के सर्वोच्च नेतृत्व के भविष्य की समीक्षा करने में विशेष रुचि दिखाई देने लगी है। सवाल पूछना लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन सवाल पूछने वालों से भी यह पूछा जाना चाहिए कि उनकी राजनीतिक जवाबदेही और मंशा क्या है?

भाजपा को भी यह समझना होगा कि चुनावी हार का विश्लेषण करने का अधिकार हर कार्यकर्ता और नेता को है, लेकिन संगठन की कमजोरियों को छिपाकर सारा दोष दिल्ली पर डाल देने से जमीनी हकीकत नहीं बदलती।

आखिर राजस्थान की राजनीति में यह कैसी पटकथा चल रही है, जिसमें कभी मुख्यमंत्री की कुर्सी चर्चा में रहती है तो कभी प्रधानमंत्री का नेतृत्व? क्या कुछ लोगों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं इतनी आगे निकल गई हैं कि उन्हें अब प्रदेश और देश के नेतृत्व में भी बदलाव की संभावनाएं तलाशनी हैं? और सबसे बड़ा सवाल—इस पटकथा का असली निर्देशक कौन है?

Related Articles