जयपुर, 12 अप्रैल 2026(न्याय स्तंभ)। राजस्थान भाजपा में इन दिनों सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के हालिया बयानों ने संगठन के भीतर चल रही खींचतान को खुलकर सामने ला दिया है।
राजे का पूरा बयान, सहानुभूति की सियासत
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान वसुंधरा राजे का भावुक बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा कि “मेरा भी सब कुछ चला गया…” इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी के लिए काम किया, कभी किसी से कुछ नहीं मांगा और आज की स्थिति उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान केवल भावनात्मक नहीं, बल्कि एक गहरा सियासी संदेश भी देता है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय में वसुंधरा राजे की बढ़ती सक्रियता और मजबूत होते जनाधार ने पार्टी के भीतर कुछ नेताओं की असहजता बढ़ा दी है। उनका प्रभाव लगातार मजबूत होता दिख रहा है, जिससे संगठन के भीतर हलचल और तेज हो गई है।
राठौड़ का पूरा बयान, बढ़ा सियासी तापमान
इसी बीच मदन राठौड़ ने बयान देते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी में कई योग्य नेता हैं। हर समय वसुंधरा राजे ही थोड़े मुख्यमंत्री बनेगी।” राठौड़ के इस बयान को सीधे तौर पर नेतृत्व की दावेदारी और भविष्य की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह बयान पार्टी के भीतर उस सोच को दर्शाता है, जिसमें अब एक ही चेहरे पर निर्भर रहने की बजाय अन्य विकल्पों को भी सामने लाने की रणनीति बन रही है।
आलाकमान सख्त, राजे-राठौड़ को सख्त हिदायत
इसी बयानबाजी के बीच नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले भाजपा आलाकमान भी सख्त हो गया है। सूत्रों के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व ने इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताई है और दोनों नेताओं को संयम बरतने तथा विवादित बयान देने से बचने की हिदायत दी है।
राजस्थान भाजपा में “बयान युद्ध” अब खुलकर सामने आ चुका है। एक ओर वसुंधरा राजे अपने बयानों से सहानुभूति और जनसमर्थन मजबूत करती नजर आ रही हैं, तो दूसरी ओर मदन राठौड़ का बयान यह संकेत देता है कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर नई खींचतान शुरू हो चुकी है। अब देखना होगा कि आलाकमान की सख्ती इस विवाद को थाम पाती है या आने वाले दिनों में यह सियासी टकराव और गहराता है।