यमुना जल समझौते के बाद जयपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत, कांग्रेस पर साधा निशाना
जयपुर, 30 जून 2026(न्याय स्तंभ)। यमुना जल समझौते के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और शेखावाटी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री निवास तक उनका भव्य स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अगुवाई में जगह-जगह पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने रिकॉर्ड समय में यमुना जल परियोजना को धरातल पर उतारा है। उन्होंने बताया कि करीब 34 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना से शेखावाटी सहित प्रदेश के जल संकटग्रस्त क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पानी पहुंचने के बाद क्षेत्र में कृषि, पर्यटन, रोजगार और विकास के नए अवसर खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम आलू से सोना बनाने का दावा नहीं करते, लेकिन पानी मिलने के बाद शेखावाटी की धरती जरूर सोना उगलेगी।”
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने यमुना जल परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “शादी-ब्याह में कुछ ऐसे बैंड भी होते हैं जो बजते तो बहुत हैं, लेकिन समझ में नहीं आता। कांग्रेस की हालत भी कुछ ऐसी ही हो गई है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री को "आधुनिक भागीरथ" बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में शेखावाटी का दशकों पुराना सपना साकार हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब इतनी बड़ी पाइपलाइन बनेगी कि “चाहें तो वे उसमें ट्रक भी चला सकते हैं।”
समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।