विवादित बयानों पर सर्व किन्नर समाज का आक्रोश, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जताई कड़ी आपत्ति
जयपुर, 28 जनवरी 2026(न्याय स्तंभ)। सर्व किन्नर समाज द्वारा बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर शिव शंकर सैनी उर्फ़ तनिषा द्वारा दिए गए हालिया विवादित बयानों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। समाज ने आरोप लगाया कि तनिषा ने कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदू-मुस्लिम संप्रदाय को लेकर भड़काऊ बयानबाज़ी की है, जिससे किन्नर समाज की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की बयानबाज़ी से समाज में वैमनस्य फैलने का खतरा उत्पन्न हो रहा है। विशेष रूप से “किन्नर जिहाद” जैसे शब्दों का प्रयोग कर पूरे किन्नर समाज को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास किया गया, जो पूरी तरह निंदनीय और अस्वीकार्य है।
सर्व किन्नर समाज ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की किसी भी सांप्रदायिक या उकसावे वाली गतिविधि से समाज का कोई लेना-देना नहीं है। समाज ने खुद को ऐसे बयानों और कृत्यों से पूरी तरह अलग बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी भी दी गई कि शिव शंकर सैनी उर्फ़ तनिषा ने मार्च 2023 में लिंग परिवर्तन कराया था, जिससे संबंधित दस्तावेज़, प्रमाण पत्र, एफिडेविट और वीडियो साक्ष्य प्रेस के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
समाज की ओर से यह मांग भी रखी गई कि यदि तनिषा स्वयं को सनातनी किन्नर बताता है, तो वह इसके ठोस और प्रमाणिक साक्ष्य सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करे।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि “किन्नर जिहाद” प्रकरण को लेकर तनिषा के खिलाफ अब तक प्रदेश के अलग-अलग पांच पुलिस थानों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, इसके बावजूद प्रशासन की चुप्पी चिंता का विषय बनी हुई है।
अंत में सर्व किन्नर समाज ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में शांति, सौहार्द और भाईचारा बना रहे।