विकसित भारत यूथ कनेक्ट कार्यक्रम-2026 में युवाओं ने लिया नशा मुक्त भारत निर्माण का संकल्प
जयपुर ,17 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में एस.एस. जैन सुबोध स्नातकोत्तर महाविद्यालय (स्वायत्तशासी), जयपुर में "विकसित भारत यूथ कनेक्ट कार्यक्रम-2026 (नशा मुक्त युवा)" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जयपुर सहित प्रदेश के 32 महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के करीब 450 युवा, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, स्वयंसेवक, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता तथा यूथ एम्बेसेडर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर शहर की सांसद मंजू शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त, जागरूक और संस्कारित युवा ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेणु जोशी ने कहा कि संस्थान के लिए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी करना गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में जनजागरूकता फैलाकर स्वस्थ एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।
राष्ट्रीय सेवा योजना, राजस्थान के क्षेत्रीय निदेशक एस.पी. भटनागर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत-2047 के विजन से जोड़ना, उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। वहीं, कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय के राज्य समन्वयक डॉ. के.के. कुमावत ने बताया कि प्रदेश के 354 महाविद्यालयों में संचालित "नई किरण" नशा मुक्ति अभियान युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
यूथ आइकॉन अंकित शर्मा ने कहा कि आज का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का परिवर्तनकर्ता है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "नशा मुक्त भारत" अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि "पांच प्रण" और "11 संकल्प" को जीवन में अपनाकर युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत और विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में उपप्राचार्य डॉ. विकास बैराठी, डीन अकादमिक डॉ. राजेश यादव, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनंत विजया सोनी, डॉ. विशाल गौतम, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. राकेश धाभाई, डॉ. फरहा दिबा, डॉ. अनु मल्होत्रा, डॉ. नीतू शर्मा, डॉ. सुमन यादव सहित लगभग 35 शैक्षणिक संस्थानों के कार्यक्रम अधिकारी एवं व्याख्याता उपस्थित रहे।