वाटर कैनन भी नहीं रोक पाया खाचरियावास का आक्रोश, भाजपा सरकार से मांगा जनता की पाई-पाई का हिसाब
जयपुर, 10 अगस्त 2026(न्याय स्तंभ)।कांग्रेस के ‘हिसाब मांगो अभियान’ के तहत सोमवार को जयपुर नगर निगम के घेराव के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया और खाचरियावास पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे।
खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर जनता पर बढ़ते टैक्स और वसूली का बोझ डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि ढाई साल में राहत देने के बजाय कचरा टैक्स, यूडी टैक्स और स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से वसूली की जा रही है। उन्होंने सरकार से पूछा कि जनता पर लगातार आर्थिक बोझ क्यों डाला जा रहा है।
उन्होंने जयपुर की बदहाल सड़कों और नालों को लेकर भी सरकार को घेरा। खाचरियावास ने कहा कि शहर की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं और नाले भरे पड़े हैं, जिसके कारण बारिश के दौरान लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने तत्काल सड़क मरम्मत और नालों की सफाई की मांग की।
पृथ्वीराज नगर में हाईटेंशन लाइन के कारण करीब दो हजार मकानों पर मंडरा रहे संकट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि उनके मंत्री रहते 20 किलोमीटर हाईटेंशन लाइन अंडरग्राउंड करवाई गई थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोगों के मकान तोड़े गए तो कांग्रेस आंदोलन तेज करेगी।
खाचरियावास ने कहा कि वाटर कैनन और बैरिकेड कांग्रेस की आवाज नहीं दबा सकते। जनता अब हर टैक्स, हर वसूली और बदहाल व्यवस्थाओं का हिसाब मांग रही है।