उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने किया आयुर्वेद नर्सिंग परिषद की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण

जयपुर, 10 अगस्त 2026(न्याय स्तंभ)। राजस्थान आयुर्वेद नर्सिंग परिषद की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण सोमवार को उपमुख्यमंत्री एवं आयुष मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने परिषद के सभागार में किया। वेबसाइट के माध्यम से परिषद की गतिविधियों, कार्यक्षेत्र, परीक्षाओं और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं हितधारकों को ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेंगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आयुष के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। आधिकारिक वेबसाइट शुरू होने से परिषद की कार्यप्रणाली में आधुनिकता के साथ गुणवत्ता और पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि तकनीक केवल सुविधा का माध्यम नहीं, बल्कि जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रभावी साधन भी है। इससे चिकित्सा सेवाओं और विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वस्थ और विकसित आयुष व्यवस्था से विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

राजस्थान आयुर्वेद नर्सिंग परिषद के रजिस्ट्रार डॉ. प्रेम नारायण शर्मा ने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से आयुर्वेद नर्सिंग में प्रवेश प्रक्रिया, काउंसलिंग, पंजीकरण, संस्थाओं की संबद्धता और नर्सिंग परीक्षाओं से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। वेबसाइट को राजस्थान आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय, जोधपुर और आयुर्वेदिक निदेशालय, अजमेर की वेबसाइट से भी लिंक किया जाएगा।

कार्यक्रम में आयुर्वेदिक विभाग के निदेशक डॉ. आनंद कुमार शर्मा, होम्योपैथिक चिकित्सा विभाग की निदेशक डॉ. मनीषा सक्सेना, डॉ. बत्ती लाल बैरवा सहित आयुष विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विक्रम यदुवंशी ने किया।

Related Articles