तीन राज्यों में भाजपा जीत पर जयपुर में जश्न, मुख्यमंत्री भजनलाल, प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल राठौड़ सहित अन्य लोग रहे मौजूद
जयपुर, 4 मई 2026(न्याय स्तंभ)। पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। इस दौरान ‘संदेश’ और ‘मिष्टी दोई’ के साथ-साथ झालमुड़ी का भी वितरण किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी की नीतियों को खारिज कर बदलाव का रास्ता चुना है। राठौड़ ने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन से आमजन परेशान था, लेकिन अब भाजपा सरकार सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को लगातार प्रगति की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अब “डबल इंजन सरकार” विकास को नई गति देगी। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “कश्मीर हो या गुवाहाटी — अपना देश, अपनी माटी” के संकल्प के साथ राष्ट्रहित में कार्य करें।
सीएम शर्मा ने ममता बनर्जी सरकार पर तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वहां व्यापारी, दुकानदार और आमजन सभी परेशान थे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार अब प्रदेश में पारदर्शिता और विकास सुनिश्चित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने इस जीत को संगठन के सामूहिक प्रयास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने उत्साह को और बढ़ा दिया।
नेताओं ने उम्मीद जताई कि इस जीत के बाद देशभर में विकास की गति और तेज होगी तथा भाजपा आने वाले चुनावों में भी इसी तरह जनसमर्थन हासिल करेगी।