SMS मेडिकल कॉलेज में 75 वर्षीय महिला की गर्दन से निकाली 25×25 सेंटीमीटर की विशाल गांठ
जयपुर, 11अगस्त 2026(न्याय स्तंभ)। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों ने 75 वर्षीय महिला की गर्दन से करीब 25×25 सेंटीमीटर आकार की विशाल गांठ निकालकर जटिल और दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। गांठ का वजन करीब डेढ़ से दो किलोग्राम बताया गया है। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर रही और उसे चौथे दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार महिला की गर्दन में लंबे समय से गांठ थी, जो धीरे-धीरे बढ़ती गई। गांठ के अत्यधिक बढ़ जाने से उसे गर्दन और कंधा घुमाने में परेशानी होने लगी थी और दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं। ऑपरेशन के भय के कारण महिला ने लंबे समय तक उपचार नहीं कराया। बाद में परेशानी बढ़ने पर उसने एसएमएस अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लिया।
डॉ. मोहित से संपर्क के बाद आवश्यक जांच और बायोप्सी कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर मरीज को सर्जरी के लिए तैयार किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक गर्दन का यह क्षेत्र बेहद संवेदनशील था, जहां मस्तिष्क की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण नसें और रक्त वाहिकाएं गुजरती हैं। गांठ के बड़े आकार के कारण ऑपरेशन में रक्तस्राव और नसों व रक्त वाहिकाओं को नुकसान का जोखिम भी था।
डॉ. ऋचा जैन के नेतृत्व में डॉ. मोहित और टीम ने सावधानीपूर्वक पूरी गांठ निकाल दी। टीम में डॉ. हनुमान राम खोजा, डॉ. फारुख, डॉ. दिनेश और डॉ. अक्षिता सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम से डॉ. सुनील भाटी, डॉ. कंचन और डॉ. इंदु ने सहयोग किया।
डॉ. मोहित ने कहा कि शरीर में लंबे समय से मौजूद या लगातार बढ़ रही गांठ को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर विशेषज्ञ से जांच और आवश्यकतानुसार बायोप्सी कराना जरूरी है।