SMS अस्पताल जयपुर में 3 घंटे की जटिल सर्जरी, 28.6 किलो का विशाल ट्यूमर निकाला
जयपुर, 02 अक्टूबर 2026 (न्याय स्तंभ)। एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जयपुर के सर्जनों ने 59 वर्षीय महिला की करीब तीन घंटे चली जटिल सर्जरी में 28.6 किलोग्राम वजन का विशाल रेट्रोपेरिटोनियल सारकोमा सफलतापूर्वक निकाल दिया। इस दुर्लभ सर्जरी का नेतृत्व डॉ. जीवन कांकरिया ने किया। सर्जिकल टीम में डॉ. देवेंद्र सैनी, डॉ. गरिमा, डॉ. आशिमा, डॉ. गीतांश, डॉ. आकाश, डॉ. देवांश, डॉ. रजत और डॉ. हिमांशु शामिल रहे।
सर्जरी के दौरान चिकित्सकों के सामने कई चुनौतीपूर्ण स्थितियां थीं। विशाल ट्यूमर के आगे यूरेटर स्थित था, जबकि ट्यूमर आंतों, लिवर, अग्न्याशय, मूत्राशय और बड़ी धमनियों से चिपका हुआ था। महत्वपूर्ण अंगों और रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर को सावधानीपूर्वक अलग कर बाहर निकालना ऑपरेशन का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा रहा।
एनेस्थीसिया टीम में डॉ. सुशील भाटी, डॉ. सुनील चौहान, डॉ. कंचन, डॉ. दीनदयाल और डॉ. दिव्या भटनागर तथा नर्सिंग स्टाफ के यूनुस अली का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। ऑपरेशन के बाद मरीज को निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया। उसकी स्थिति स्थिर रही और रिकवरी संतोषजनक होने पर उसे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया।
एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी और विभाग प्रमुख डॉ. रिचा जैन ने पूरी टीम को बधाई दी।
रेट्रोपेरिटोनियल सारकोमा दुर्लभ प्रकार के ट्यूमर हैं। 20 किलोग्राम से अधिक वजन वाले जायंट रेट्रोपेरिटोनियल सारकोमा के मामले बेहद दुर्लभ माने जाते हैं। चिकित्सकों के अनुसार, इस तरह के ट्यूमर पेट के पीछे स्थित होते हैं और इनके आसपास महत्वपूर्ण अंग व रक्त वाहिकाएं होने के कारण इनकी सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण होती है।
खास बात यह रही कि मरीज का पूरा उपचार राज्य सरकार की आरजीएचएस योजना के तहत निःशुल्क किया गया।