सवाई मानसिंह अस्पताल में चमत्कारी सर्जरी, 18 वर्षीय युवती के पेट से निकाली गई 10 किलो की गांठ

जयपुर, 01 फरवरी 2026(न्याय स्तंभ)। सवाई मानसिंह (S.M.S.) अस्पताल में एक जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर चिकित्सकों ने 18 वर्षीय महिला को नया जीवन दिया है। पिछले छह महीनों से पेट में असहनीय दर्द और भारी गांठ की समस्या से जूझ रही युवती कई अस्पतालों में इलाज के बाद निराश होकर आखिरकार एसएमएस अस्पताल के सर्जरी विभाग में डॉ. शालू गुप्ता की यूनिट में भर्ती हुई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि मरीज के पेट में दाईं ओर लिवर, किडनी, डायफ्राम, पेट की बड़ी महाधमनी और अधोशिरा से चिपकी लगभग 10 किलोग्राम वजन की विशाल गांठ मौजूद थी। यह मामला और भी जटिल इसलिए था क्योंकि मरीज को इसी बीमारी के लिए 12 वर्ष पहले भी ऑपरेशन करवाना पड़ा था। विशेषज्ञों की टीम ने पूरी योजना और सतर्कता के साथ सभी आवश्यक जांचें कर ऑपरेशन की रणनीति तैयार की।
इस हाई-रिस्क सर्जरी को डॉ. शालू गुप्ता, डॉ. बी. एल. यादव और डॉ. हेमलता (CTVS) के नेतृत्व में सर्जिकल टीम ने अंजाम दिया। टीम में डॉ. योगेंद्र धधीच, डॉ. पंकज पोरवाल, डॉ. नमोनारायण और डॉ. राजेश की भी अहम भूमिका रही। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. सुशील भाटी, डॉ. कंचन, डॉ. सुनील चौहान और डॉ. मनोज शामिल रहे, जिनकी सतर्कता ने ऑपरेशन को सुरक्षित बनाया।
घंटों चले इस जटिल ऑपरेशन के बाद 10 किलो की गांठ को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया। ऑपरेशन के दो दिन बाद ही मरीज को भोजन देना शुरू कर दिया गया और तेजी से सुधार होने पर पांचवें दिन उसे पूरी तरह स्वस्थ हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों की इस उपलब्धि को चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने एक बार फिर एसएमएस अस्पताल की विशेषज्ञता और समर्पण को साबित किया है।

Related Articles