रोजगार मेले में 1321 युवाओं का चयन, 18 को मौके पर मिले ऑफर लेटर

जयपुर, 17 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग की ओर से शुक्रवार को प्रताप स्टेडियम, चित्रकूट में विशाल रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग एवं वाणिज्य, युवा मामले एवं खेल तथा कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ रहे। रोजगार मेले में 50 निजी नियोजकों ने भाग लेते हुए 1321 युवाओं का प्राथमिक चयन किया, जबकि 18 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

इस अवसर पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में शिक्षा, पर्यटन, खनिज और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, मेहनत, लगन और कौशल के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज रोजगार पाने वाले युवा भविष्य में अन्य लोगों को भी रोजगार देने वाले बनेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के शुरुआती दौर से ही 'राइजिंग राजस्थान' के माध्यम से निवेशकों को आकर्षित कर नए उद्योग स्थापित कराने की दिशा में कार्य किया है, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक 24 से अधिक रोजगार शिविरों के माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनके जिले या आसपास ही रोजगार मिले, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।

विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा ने बताया कि मेगा रोजगार मेले में निजी कंपनियों के साथ विभिन्न सरकारी विभागों ने भी अपनी योजनाओं की जानकारी देकर युवाओं को लाभान्वित किया।

संयुक्त निदेशक, संभागीय रोजगार कार्यालय जयपुर नवरेखा ने बताया कि रोजगार मेले में निर्माण, लॉजिस्टिक्स, होटल, बैंकिंग, मेडिकल, सूचना प्रौद्योगिकी, फार्मा, सिक्योरिटी, ई-कॉमर्स और कॉल सेंटर सहित विभिन्न क्षेत्रों की 50 कंपनियों ने भाग लिया। मेले के लिए 4160 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, जिनमें से 2770 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। साक्षात्कार के बाद 1321 युवाओं का प्राथमिक चयन किया गया, जबकि 527 युवाओं ने विभिन्न कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में रुचि दिखाई। चयनित अभ्यर्थियों को 2 लाख से 5 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज की पेशकश की गई।

Related Articles