रायसर प्लाजा में फायर फाइटिंग सिस्टम बीमार, हादसे का इंतजार कर रहा नगर निगम?

(मतीष पारीक)

न फायर एनओसी, न दुरुस्त फायर सिस्टम, आग बुझाने वाले सिलेंडर भी नदारद होने का दावा—550 दुकानों और रोजाना आने वाली भीड़ की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

जयपुर, 3 अक्टूबर 2026 (न्याय स्तंभ)। जयपुर के सबसे व्यस्त कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में शामिल रायसर प्लाजा में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। करीब 550 दुकानों वाले इस व्यावसायिक परिसर में फायर फाइटिंग सिस्टम तो लगा हुआ बताया जा रहा है, लेकिन उसके व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से काम करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, तत्काल आग पर काबू पाने के लिए जरूरी फायर एक्सटिंग्विशर जैसे उपकरण भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आ रही है।

सबसे बड़ा सवाल फायर एनओसी को लेकर है। रायसर प्लाजा मेंटिनेंस सोसायटी के पदाधिकारियों के अनुसार फायर एनओसी के लिए नगर निगम में आवेदन दिया हुआ है, लेकिन वर्तमान में उनके पास फायर एनओसी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सवाल यह है कि जब सैकड़ों दुकानों वाले इस भीड़भाड़ वाले बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, तो अग्नि सुरक्षा की औपचारिकताएं पूरी होने से पहले व्यवस्था को लेकर जिम्मेदारी किसकी है?

रायसर प्लाजा में कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, तार, प्लास्टिक और अन्य ऐसी सामग्री का कारोबार होता है, जिसमें आग लगने की स्थिति में आग तेजी से फैलने का खतरा हो सकता है। ऐसे में फायर फाइटिंग सिस्टम का केवल दीवारों पर लगा होना पर्याप्त है या वह आपात स्थिति में वास्तव में काम करेगा—इसकी नियमित जांच और प्रमाणित व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण सवाल है।

सिस्टम लगा है या सिर्फ दिखावे के लिए?

रायसर प्लाजा में फायर फिटिंग सिस्टम मौजूद होने की बात कही जा रही है, लेकिन सवाल उसकी कार्यशीलता और नियमित रखरखाव का है। पाइप, हाइड्रेंट, पंप और अन्य उपकरण लगे होने के बावजूद यदि आपात स्थिति में पानी का दबाव नहीं आया, पंप चालू नहीं हुआ या आग बुझाने वाले उपकरण काम नहीं किए तो पूरा सिस्टम महज सजावटी ढांचा बनकर रह जाएगा।

ऐसे में नगर निगम की फायर विंग से यह सवाल पूछा जाना जरूरी है कि आखिरी बार रायसर प्लाजा का फायर सेफ्टी निरीक्षण कब हुआ था? निरीक्षण में क्या कमियां मिली थीं? क्या उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए? और सबसे अहम—क्या वर्तमान में राइसर प्लाजा आग से निपटने के लिए वास्तव में सुरक्षित है?

पुरोहितजी का कटला हादसा चेतावनी नहीं तो और क्या?

इन सवालों को हाल ही में बड़ी चौपड़ क्षेत्र के पुरोहितजी का कटला में हुए भीषण अग्निकांड की रोशनी में देखना जरूरी है। इस हादसे में दमकल को संकरी गलियों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और फायर हाइड्रेंट सिस्टम के पूरी तरह काम नहीं करने को लेकर भी सवाल उठे। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार करीब 3.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए सिस्टम में पाइपलाइन और हाइड्रेंट प्वाइंट होने के बावजूद उसके प्रभावी संचालन पर सवाल सामने आए।

यानी करोड़ों रुपये का सिस्टम लगा, लेकिन जब आग ने असली परीक्षा ली तो व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई। इससे बड़ा सबक नगर निगम के लिए और क्या हो सकता है?

पुरोहितजी का कटला हादसे के बाद नगर निगम ने शहर के व्यावसायिक भवनों की फायर सेफ्टी जांच तेज करने की बात कही है और हाल ही में 120 भवन मालिकों को नोटिस दिए जाने की रिपोर्ट सामने आई है।

लेकिन सवाल यह है कि नोटिस हादसे से पहले दिए जाएंगे या हादसे के बाद?

निगम अधिकारियों से सीधा सवाल

रायसर प्लाजा जैसे भीड़भाड़ वाले बाजार में फायर एनओसी की स्थिति स्पष्ट नहीं है, फायर उपकरणों की कार्यशीलता पर सवाल हैं और फायर सिस्टम के रखरखाव को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान कब जाएगा?

क्या नगर निगम की फायर विंग किसी बड़े हादसे के बाद मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाने का इंतजार कर रही है?

क्यों न पहले ही जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि आग लगने की स्थिति में पहले पांच मिनट में क्या होगा? फायर एक्सटिंग्विशर काम करेंगे या नहीं? हाइड्रेंट में पानी आएगा या नहीं? पंप चलेगा या नहीं? दमकल के पहुंचने तक आग को रोकने की व्यवस्था है या नहीं?

मेंटिनेंस सोसायटी भी जवाब दे

दूसरी तरफ रायसर प्लाजा मेंटिनेंस सोसायटी भी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। यदि परिसर में फायर एनओसी नहीं है और फायर उपकरणों की स्थिति संतोषजनक नहीं है तो केवल नगर निगम की ओर उंगली उठाना पर्याप्त नहीं होगा।

सोसायटी को भी स्पष्ट करना चाहिए कि दुकानदारों और जनता की सुरक्षा के लिए नियमित फायर ऑडिट कब कराया गया? उपकरणों की सर्विसिंग कब हुई? कितने फायर एक्सटिंग्विशर वर्तमान में चालू हालत में हैं? फायर पंप और हाइड्रेंट की टेस्टिंग कब हुई? और यदि एनओसी के लिए आवेदन लंबित है तो तब तक वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था क्या की गई है?

क्योंकि आग लगने के बाद जिम्मेदारी तय करने से बेहतर है कि आग लगने से पहले जिम्मेदारी निभाई जाए।

रायसर प्लाजा में रोजाना कारोबार होता है, सैकड़ों दुकानदार अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं और बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। ऐसे में अग्नि सुरक्षा को कागजों, आवेदन और फाइलों के भरोसे छोड़ना किसी भी स्थिति में पर्याप्त नहीं माना जा सकता।

अब जरूरत निरीक्षण की नहीं, वास्तविक फायर सेफ्टी ऑडिट की है। नगर निगम यह बताए कि रायसर प्लाजा सुरक्षित है या सिर्फ सुरक्षित होने का दावा किया जा रहा है।

Related Articles