राजस्थान पुलिस का प्रदेशव्यापी महाअभियान: 912 नाकाबंदी पॉइंट पर 61 हजार से ज्यादा वाहनों की जांच, 252 अपराधी व संदिग्ध गिरफ्तार

जयपुर, 17 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक दिवसीय विशेष महाअभियान चलाया। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में 16 जुलाई को सभी जिलों में एक साथ 912 रणनीतिक स्थानों पर नाकाबंदी कर व्यापक जांच अभियान चलाया गया।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वी.के. सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 32,732 दुपहिया और 29,177 चौपहिया सहित कुल 61,909 वाहनों की सघन जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत 13,761 चालान और अन्य कार्रवाइयां कीं। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 4,554, बिना सीट बेल्ट 1,192, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 334, काली फिल्म लगे वाहनों के 1,428, गलत नंबर प्लेट वाले 1,557 तथा मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 137 चालकों के खिलाफ कार्रवाई शामिल है।

अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 169 संदिग्धों को बीएनएस की धारा 170 के तहत हिरासत में लिया गया। इसके अलावा बीएनएसएस की धारा 106 के तहत 23 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के 13, आबकारी अधिनियम के 50 और एनडीपीएस एक्ट के 12 मामले दर्ज किए।

जयपुर रेंज में 142 ग्राम अफीम, 194 लीटर देशी शराब, 10 लीटर हथकढ़ शराब, 97 हजार रुपये की संदिग्ध नकदी, एक स्विफ्ट कार, एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा और दो डेक मशीन जब्त की गईं। वहीं कोटा रेंज में 2.954 किलोग्राम गांजा और भरतपुर रेंज में 210 पव्वे देशी शराब बरामद हुई।

राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अपराधियों, अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles