“पचपदरा रिफाइनरी पर सियासत: भाजपा का गहलोत पर 40 हजार करोड़ नुकसान का आरोप”

जयपुर, 08 अप्रैल 2026(न्याय स्तंभ)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी परियोजना राजस्थान को आत्मनिर्भर बनाने के साथ आर्थिक विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लोकार्पण करेंगे।

राठौड़ ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान के पचपदरा में बन रही यह परियोजना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि इसकी आधारशिला वर्ष 2007-08 में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में रखी गई थी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार रिफाइनरी परियोजना रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगी और इससे लगभग 90 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए पानी की व्यवस्था पाली, बालोतरा और जोधपुर के शोधन किए गए अपशिष्ट जल से की जाएगी, जिससे आम लोगों के पेयजल पर असर नहीं पड़ेगा।

राठौड़ ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिना पर्याप्त पर्यावरणीय स्वीकृति और वित्तीय स्पष्टता के जल्दबाजी में समझौता किया था। उनके अनुसार उस समझौते से राज्य पर 15 वर्षों तक हर साल 3,736 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ता। भाजपा ने दावा किया कि सत्ता में लौटने के बाद उसने समझौते में बदलाव कर राजस्थान को लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के संभावित नुकसान से बचाया।

Related Articles