निकाय चुनाव परिणामों पर राठौड़ का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘चोर को सब नजर आते हैं चोर’

जयपुर, 01 अक्टूबर 2026(न्याय स्तंभ)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ब्यावर और भीलवाड़ा प्रवास के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “चोर को सब नजर आते हैं चोर, जो जैसा होता है, उसको वैसा ही सब नजर आता है।” राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र जनता के सामने उजागर हो चुका है। एक ओर कांग्रेस निकाय चुनाव में मिली सफलता का श्रेय ले रही है, वहीं दूसरी ओर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर उन्हें कमजोर करने का प्रयास कर रही है। 

राठौड़ ने कहा कि प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में हुए चुनाव में कांग्रेस 100 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई। उन्होंने कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति और संगठन की कमजोरी पर आत्ममंथन करने की सलाह दी। हालांकि चुनाव परिणामों में भाजपा कई निकायों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि कई स्थानों पर बोर्ड गठन के लिए निर्दलीय पार्षदों का समर्थन भी महत्वपूर्ण रहा। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी को अपने संगठन और कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है। भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और कार्यकर्ता पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर सेवा कार्यों में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के जनादेश को सर्वोपरि मानती है।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार जनहित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान के लिए विकसित ग्राम की दिशा में सरकार काम कर रही है, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें और पलायन को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय नीति पर काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा का संकल्प सत्ता के माध्यम से जनसेवा, सुशासन और विकास को गति देना है।

Related Articles