नाहरगढ़ टाइगर सफारी में जन्मे बाघ शावक स्वस्थ, 24 घंटे निगरानी जारी

जयपुर, 8 मई 2026(न्याय स्तंभ)।नाहरगढ़ जैविक उद्यान की टाइगर सफारी में 18 अप्रैल को जन्मे दोनों बाघ शावक स्वस्थ हैं और फिलहाल उन्हें विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वन विभाग के अनुसार बाघिन “भक्ति” ने इन शावकों को जन्म दिया था। बाघिन भक्ति को वर्ष 2024 में वन्यजीव एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत पुणे जू से लाया गया था, जबकि नर बाघ को नागपुर चिड़ियाघर से लाकर जोड़ा तैयार किया गया था।

जानकारी के अनुसार जन्म के बाद बाघिन भक्ति का व्यवहार असामान्य पाया गया और उसने शावकों को दूध पिलाना बंद कर दिया। शावकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए पशु चिकित्सा पॉलीक्लिनिक पांच बत्ती द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा पर दोनों शावकों को वन्यजीव चिकित्सालय की नियोनेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया, जहां उनकी हैंड रियरिंग और गहन चिकित्सा निगरानी की जा रही है।

वन्यजीव चिकित्सकों के अनुसार दोनों शावकों ने अब आंखें खोल ली हैं तथा उनकी गतिविधियां सामान्य पाई गई हैं। विभिन्न मेडिकल जांचों की रिपोर्ट भी सामान्य आई है। नियोनेटल केयर यूनिट में शिफ्ट किए जाने के बाद दोनों शावकों के वजन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और उनकी डाइट भी धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है।

शावकों को आवश्यक विटामिन, मिनरल्स और दवाइयां दी जा रही हैं। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए उनकी 24×7 निगरानी की जा रही है।

Related Articles