नगर निगम का सीकर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान, 1 कैंटर सामान किया जब्त
जयपुर, 17 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। नगर निगम जयपुर की सतर्कता शाखा ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक कैंटर सामान जब्त किया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर पूर्व में प्राप्त शिकायतों के आधार पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में की गई।
सतर्कता शाखा की टीम ने महिला पुलिस थाना सीकर रोड, कुम्हारों का मोहल्ला (नांगल जैसा बोहरा), राजेन्द्र नगर नांगल रोड, जनपथ लालकोठी तथा प्रताप नगर सेक्टर-32 में सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटवाए। अभियान के दौरान कब्जे में लिया गया सामान एक कैंटर में भरकर निगम के गोदाम में जमा कराया गया।
उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण करने वालों को मौके पर समझाइश देकर भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम जयपुर ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध और अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने तथा शहर को व्यवस्थित और सुगम बनाने में सहयोग करने की अपील की है।