मुख्यमंत्री के घर-घर दौरे से बेहतर एक बड़ा वन-टू-वन संवाद

आज उनके घर पहुंचे मुख्यमंत्री, कल सवाल उठेगा—हमारे घर क्यों नहीं आए?

जयपुर, 03 अक्टूबर 2026(न्याय स्तंभ)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुराने, नाराज और अपने आपको उपेक्षित महसूस करने वाले कार्यकर्ताओं के घर जाकर संवाद करना निश्चित तौर पर स्वागत योग्य पहल है। इससे वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं को यह अहसास होता है कि सत्ता के गलियारों में पहुंचने के बाद भी मुख्यमंत्री ने उन्हें भुलाया नहीं है।

लेकिन राजनीति में पहल जितनी महत्वपूर्ण होती है, उसकी निरंतरता उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। मुख्यमंत्री आज एक कार्यकर्ता के घर पहुंचते हैं, कल दूसरे के घर जाते हैं और तीसरे के घर नहीं जा पाते तो सवाल यहीं से शुरू होगा—“मुख्यमंत्री उनके यहां गए, हमारे यहां क्यों नहीं आए?”

फिर सम्मान की जगह तुलना शुरू होगी और पुराने कार्यकर्ताओं के बीच यह भी चर्चा होने लगेगी कि मुख्यमंत्री की नजर में कौन ज्यादा खास है और कौन अभी भी उपेक्षित है। जिस पहल का मकसद नाराजगी दूर करना है, कहीं वही आगे चलकर नई नाराजगी का कारण न बन जाए।

इसलिए मुख्यमंत्री को घर-घर पहुंचने के साथ एक और बड़ा प्रयोग करना चाहिए। पुराने, नाराज और खुद को उपेक्षित महसूस करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए एक ऐसा विशेष वन-टू-वन संवाद आयोजित किया जाए, जिसमें मुख्यमंत्री सीधे कार्यकर्ताओं से उनकी बात सुनें।

एक कार्यक्रम, एक मंच और सामने संगठन के वे चेहरे, जिनके मन में वर्षों से कोई शिकायत, अपेक्षा या सवाल है। इससे मुख्यमंत्री को भी एक साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की वास्तविक स्थिति समझने का मौका मिलेगा और कार्यकर्ताओं को भी यह महसूस होगा कि उनकी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंच रही है।

क्योंकि संगठन में हर कार्यकर्ता के घर जाना संभव नहीं, लेकिन हर कार्यकर्ता की बात सुनना संभव है।

और अगर मुख्यमंत्री ने यह संवाद शुरू कर दिया तो शायद भविष्य में भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा कम होगी कि “मुख्यमंत्री किसके घर गए?” और चर्चा ज्यादा होगी कि “मुख्यमंत्री ने हमारी बात कितनी सुनी?”

यही संवाद घर-घर की राजनीति से आगे बढ़कर संगठन के भीतर भरोसे की मजबूत नींव रख सकता है।

Related Articles