"क्रिकेट से सेवा तक: ABH का ‘Cricket for a Cause’ बना मिसाल”

जयपुर, 09 अप्रैल 2026 (न्याय स्तंभ)। समाज सेवा को खेल के साथ जोड़ते हुए ऑल अबाउट हैप्पीनेस फाउंडेशन (ABH) ने “Cricket for a Cause” कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्याधर नगर स्थित प्लेइंग नेस्ट मैदान में किया। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों के लिए मदद का एक मजबूत माध्यम बनकर सामने आया।

संस्था द्वारा आयोजित इस अनोखी पहल का उद्देश्य समाज में खुशियाँ फैलाने के साथ-साथ बस्ती के जरूरतमंद बच्चों के भोजन की व्यवस्था के लिए सहयोग जुटाना रहा। क्रिकेट मैचों के माध्यम से एकत्रित राशि को पूरी तरह से सेवा कार्यों में समर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम के पहले सत्र में कुल पांच टीमों—ABH Seva, ABH Saathi, ABH Prerna, ABH Udaan और ABH Aasha—ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद ABH Aasha टीम विजेता रही। टीम के कप्तान वैभव ने जीत का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयास को देते हुए टीम वर्क की अहमियत पर जोर दिया।

संस्था के संस्थापक CA मनन ऐलानी ने कहा कि यह आयोजन खेल से आगे बढ़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सार्थक कदम है। उन्होंने बताया कि ABH लगातार ऐसे नवाचारों के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के जयपुर संभाग प्रभारी कपिल गुरदासवानी और CA अखिल पचोरी मौजूद रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
पूरा आयोजन उत्साह, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बनकर उभरा, जिसने यह संदेश दिया कि खेल के जरिए भी समाज में बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

Related Articles