कांग्रेस में बिखराव था, बिखराव है और आगे भी होता रहेगा: मदन राठौड़

जयपुर, 2 अक्टूबर 2026(न्याय स्तंभ)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजसमंद प्रवास के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में पहले भी बिखराव हुआ है, वर्तमान में भी बिखराव है और आने वाले समय में भी बिखराव होता रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न स्पष्ट नीति है और न ही देश को आगे ले जाने की स्पष्ट सोच। बिना विचार, नीति और उद्देश्य के किए गए बेमेल गठजोड़ों का बिखरना तय है।

राठौड़ ने कहा कि “कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा” जैसी स्थिति से कोई राजनीतिक संगठन मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि जनता का कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है और ऐसे गठजोड़ों का परिणाम अंततः बिखराव के रूप में सामने आता है।

संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ता किंग मेकर है और पार्टी की नजर सभी योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं पर है। जो कार्यकर्ता किसी कारणवश अब तक दायित्व से वंचित रहे हैं, उन्हें भी उचित समय पर सम्मान और अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसी समाज या वर्ग में किसी विषय को लेकर नाराजगी है तो संवाद के माध्यम से उसकी बात सुनी जाएगी। भाजपा के दरवाजे राष्ट्र प्रथम और देशभक्ति की भावना रखने वाले लोगों के लिए हमेशा खुले हैं।

राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा के पास योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी योग्य कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाती है तो वह जनता का विश्वास जीतकर जनसेवा को आगे बढ़ा सकता है।

Related Articles