जयपुर में दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रक फुटपाथ पर चढ़ा, तीन मासूमों सहित 4 लोगों की मौत

जयपुर, 07 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार एक बेकाबू ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए सीधे फुटपाथ पर चढ़ गया और वहां खड़े पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर जा चढ़ा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को बाद में क्रेन की सहायता से हटाया गया, जिससे यातायात सामान्य किया जा सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों और मृतकों की पहचान का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर शहर की सड़कों पर ऐसे बेकाबू वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण कब होगा, ताकि निर्दोष लोगों की जान यूं सड़कों पर न जाए?

Related Articles