जयपुर: ब्रेनडेड मरीज “ओमप्रकाश सोनी ” ने तीन लोगों को दी नई जिंदगी, SMS अस्पताल में सफल अंगदान
जयपुर, 08 मई 2026(न्याय स्तंभ)।
राजधानी के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए 44 वर्षीय ब्रेनडेड मरीज ओमप्रकाश सोनी का सफल कैडेवर ऑर्गन डोनेशन संपन्न किया गया। इस अंगदान के जरिए तीन जरूरतमंद मरीजों को नई जिंदगी मिलने जा रही है।
वाटिका निवासी ओमप्रकाश सोनी 3 मई को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने लगातार उनका उपचार किया और जीवन बचाने के हर संभव प्रयास किए। हालांकि गंभीर चोटों के चलते बाद में उन्हें ब्रेनडेड घोषित करना पड़ा।
इसके बाद अस्पताल की ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर टीम ने परिजनों को अंगदान के महत्व के बारे में समझाया। परिवार ने बेहद साहस और मानवता का परिचय देते हुए अंगदान के लिए सहमति दी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
मरीज की दोनों किडनियां दिल्ली स्थित ILBS अस्पताल भेजी गईं। इसके लिए SMS अस्पताल से दिल्ली तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, ताकि अंगों को सुरक्षित और समय पर पहुंचाया जा सके। वहीं ओमप्रकाश का लीवर SMS अस्पताल में ही एक जरूरतमंद मरीज को सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया जा रहा है।
इस पूरी प्रक्रिया में SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी, ज्वाइंट डायरेक्टर SOTTO डॉ. चित्रा सिंह, नोडल प्रभारी ऑर्गन ट्रांसप्लांट डॉ. मुकेश भास्कर और एनेस्थीसिया विभाग की आचार्य डॉ. प्रियंका की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
SMS अस्पताल प्रशासन ने इसे अंगदान के प्रति जागरूकता और मानवता का प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए आमजन से अधिक से अधिक अंगदान के लिए आगे आने की अपील की है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सके।