एसएमएस अस्पताल में शुरू होगी इवनिंग ओपीडी, मेडिसिन विभाग से होगी शुरुआत
जयपुर, 07 मई 2026(न्याय स्तंभ)। सवाई मानसिंह अस्पताल में बढ़ते रोगीभार और मरीजों की लंबी कतारों को देखते हुए अब इवनिंग ओपीडी शुरू की जाएगी। पहले चरण में यह व्यवस्था मेडिसिन विभाग में लागू होगी, जहां मरीज शाम 5 से 7 बजे तक परामर्श ले सकेंगे। इसके साथ ही दवा वितरण काउंटरों की संख्या बढ़ाने और जांच के लिए सैंपल कलेक्शन में अतिरिक्त मानव संसाधन लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने गुरुवार को एसएमएस अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि एसएमएस अस्पताल देश के सबसे बड़े और प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल है, इसलिए यहां मरीजों की संख्या अधिक होना स्वाभाविक है, लेकिन उपचार में किसी भी मरीज को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को लंबी कतारों और अधिक इंतजार से राहत देने के लिए तत्काल और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने धन्वंतरि ओपीडी में कार्डियोलॉजी, मेडिसिन और आर्थोपेडिक्स विभाग का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक रोगीभार वाले विभागों में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इवनिंग ओपीडी शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शाम की ओपीडी में भी वरिष्ठ चिकित्सकों सहित पर्याप्त स्टाफ मौजूद रहेगा। यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो भविष्य में अन्य विभागों में भी इसे लागू किया जाएगा।
दवा वितरण केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने तत्काल चार से पांच नए काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार खरीद प्रक्रिया अपनाने को कहा। ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर पर भी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ लगाने के निर्देश दिए गए।
हीटवेव और तेज गर्मी को देखते हुए अस्पताल में कूलिंग, पेयजल और छायादार स्थानों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान गायत्री राठौड़ ने मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं पर फीडबैक भी लिया।