CM भजनलाल शर्मा ने आमजन की सुनी समस्याएं, दिए तुरंत समाधान के निर्देश
जयपुर, 2 फरवरी 2026(न्याय स्तंभ)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित नियमित जनसुनवाई के दौरान प्रदेशभर से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, नगर निकाय, बिजली, जलदाय तथा सामाजिक न्याय से जुड़े अनेक प्रकरण सामने आए, जिन पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही कार्रवाई के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है, जिससे नीतियों और योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचता है। मुख्यमंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध राहत प्रदान की जाए, ताकि आमजन का सरकार पर विश्वास और मजबूत हो सके।