भारतीय मजदूर संघ का 72वां स्थापना दिवस मनाया, गांव-गांव तक संगठन विस्तार का आह्वान

जयपुर, 24 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। भारतीय मजदूर संघ के 72वें स्थापना दिवस का आयोजन गुरुवार को राजस्थान प्रदेश कार्यालय में उत्साह, गरिमा और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ किया गया। कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि तथा भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व राष्ट्रीय वित्त सचिव एस.के. राठौर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्थापना दिवस मनाया।

मुख्य वक्ता एस.के. राठौर ने अपने संबोधन में भारतीय मजदूर संघ की स्थापना, विचारधारा और संगठनात्मक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक गैर-राजनीतिक श्रमिक संगठन है, जिसकी वास्तविक शक्ति उसके समर्पित, अनुशासित और निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन के सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के कारण आज भारतीय मजदूर संघ विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है।

मुख्य अतिथि विधायक गोपाल शर्मा ने भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों ने ऐसे संगठनों की नींव रखी, जो आज समाज और राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने रोडवेज सहित अन्य सार्वजनिक उपक्रमों की समस्याओं के समाधान पर जोर देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी संस्थाओं का उद्देश्य केवल लाभ कमाना नहीं, बल्कि आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए।

क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा ने संगठन विस्तार पर बल देते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए तहसील स्तर पर नए कार्यकर्ताओं को तैयार कर प्रत्येक गांव में संगठन की इकाइयों का गठन करना होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को अधिक व्यापक और सशक्त बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार मीणा ने किया, जबकि जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह गुर्जर ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस के अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और श्रमिक हितों की रक्षा तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय असंगठित क्षेत्र के प्रभारी जयंती लाल ज., जिला मंत्री महेंद्र सैनी, वित्त सचिव विकास तिवारी, यतेंद्र कुमार सहित भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles