भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने की केंद्रीय बजट की तारीफ, कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

जयपुर, 01 फरवरी 2026 (न्याय स्तंभ)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने केंद्रीय बजट 2026 को “विकसित भारत @2047” के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी, समावेशी और जनकल्याणकारी रोडमैप बताते हुए इसे देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का ठोस प्रतिबिंब है, जिसमें आधारभूत ढांचे, रोजगार सृजन, औद्योगिक विस्तार, तकनीकी नवाचार और ग्रामीण समृद्धि को एक साथ जोड़ा गया है। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं, व्यापार युद्ध और भू-राजनीतिक तनावों के बीच प्रस्तुत यह बजट भारत की आर्थिक स्थिरता और तेज़ विकास की क्षमता को प्रमाणित करता है।
राठौड़ ने कहा कि बजट में युवा, महिलाएं, किसान, एमएसएमई, स्टार्टअप, उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे सभी प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर मिशन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे आधुनिक क्षेत्रों को बढ़ावा देकर भारत को तकनीकी महाशक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक पहल की गई है। रेलवे के आधुनिकीकरण, हाई-स्पीड और फ्रेट कॉरिडोर से कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और निवेश को गति मिलेगी। टियर-2 और टियर-3 शहरों में उद्योगों को प्रोत्साहन राजस्थान जैसे राज्यों के लिए नए अवसर खोलेगा। महिला और बालिका छात्रावासों से बेटियों की शिक्षा व सुरक्षा को बल मिलेगा, जबकि स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी प्रशिक्षण से युवा वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे। कृषि, जल संरक्षण, पशुपालन और ग्रामीण विकास की योजनाएं गांवों में समृद्धि का नया अध्याय लिखेंगी।
इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बजट-विरोधी बयान पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेसी नेता विकास नहीं देखना चाहते और जनता को भ्रमित करना उनका उद्देश्य है। उन्होंने आंकड़ों के साथ बताया कि जहां 2003–04 में आयकर छूट मात्र 50 हजार रुपये थी, वहीं आज यह 12 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है। पहले 1.25 करोड़ लोग आईटीआर दाखिल करते थे, आज यह संख्या 10 करोड़ से ज्यादा है, और प्रति व्यक्ति आय 23 हजार रुपये से बढ़कर 2.05 लाख रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि रेलवे विद्युतीकरण, वंदे भारत, हाईवे, भारतमाला, राष्ट्रीय जलमार्ग, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता और मजबूत लॉजिस्टिक्स जैसे कदमों से देश में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है, जिसे कांग्रेस नजरअंदाज कर रही है। राठौड़ ने दोहराया कि मोदी सरकार का लक्ष्य लोक-लुभावन नहीं बल्कि टिकाऊ और समावेशी विकास है और भाजपा राजस्थान सहित देशभर में बजट के प्रभावी व पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles