भाजपा में सोशल मीडिया के जरिए तय होने लगे पद ! मुकेश भारद्वाज बने प्रदेश मीडिया प्रभारी?

जयपुर, 14 अक्टूम्बर 2026(न्याय स्तंभ)। भाजपा में पद और प्रतिष्ठा का अपना अनुशासन है, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही जन्मदिन की बधाइयों ने इस अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आज मुकेश भारद्वाज के जन्मदिन पर पार्टी के ही कई कार्यकर्ताओं ने उन्हें प्रदेश मीडिया प्रभारी संबोधित करते हुए शुभकामनाएं दीं। दिलचस्प यह है कि इस पद की जिम्मेदारी प्रमोद वशिष्ठ के पास है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर भाजपा में पद की पहचान संगठन तय करता है या कार्यकर्ताओं की सोशल मीडिया पोस्ट?

मामला किसी एक बधाई संदेश तक सीमित नहीं है। कई कार्यकर्ताओं की पोस्ट में एक ही पदवी का इस्तेमाल चर्चा का विषय बना है। ऐसे में इसे महज एक सामान्य चूक मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं। सवाल मुकेश भारद्वाज की जन्मदिन की बधाइयों का नहीं, बल्कि उनके नाम के साथ इस्तेमाल की जा रही उस पदवी का है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

क्या मुकेश भारद्वाज को कार्यकर्ता से बड़ा दिखाने की कोशिश हो रही है, या उनके समर्थक उत्साह में संगठन की पद-व्यवस्था ही भूल बैठे हैं? यदि यह अनजाने में हुई गलती है, तो उसे स्पष्ट किया जाना चाहिए। और यदि ऐसा जानबूझकर हो रहा है, तो पार्टी संगठन को भी देखना होगा कि उसके पदों और जिम्मेदारियों को सोशल मीडिया पर किस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है।

भाजपा अनुशासन और संगठनात्मक व्यवस्था की बात करती है। ऐसे में प्रदेश मीडिया प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद के साथ किसी दूसरे नाम का प्रचार होना स्वाभाविक रूप से सवाल पैदा करता है। मुकेश भारद्वाज को भी इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि उनके नाम के साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी की पदवी लिखे जाने पर उनका क्या रुख है।

जन्मदिन पर बधाई देना कार्यकर्ताओं का अधिकार है, लेकिन बधाई के साथ पदवी बांटना किस अधिकार के तहत? भाजपा संगठन के लिए यह आत्ममंथन का विषय है कि कहीं सोशल मीडिया पर राजनीतिक हैसियत चमकाने की होड़ में आधिकारिक पदों की गरिमा तो कमजोर नहीं पड़ रही।

अब सवाल दो हैं—मुकेश भारद्वाज इस पदवी पर अपना पक्ष स्पष्ट करेंगे? और भाजपा संगठन बताएगा कि प्रदेश मीडिया प्रभारी कौन है—आधिकारिक जिम्मेदारी संभालने वाले प्रमोद वशिष्ठ या सोशल मीडिया पर पदवी पाने वाले मुकेश भारद्वाज?

Related Articles