भाजपा का ये कैसा प्रशिक्षण शिविर?पार्षदों के मोबाइल जब्त, सोशल मीडिया पर फिर भी शिविर की तस्वीरें!

प्रशिक्षण शिविर में पाबंदियां सिर्फ चुने हुए पार्षदों के लिए थीं या अनुशासन सबके लिए था?

(मतीष पारीक)

जयपुर, 24 सितंबर 2026(न्याय स्तंभ)। भाजपा के प्रशिक्षण शिविर को लेकर अब अनुशासन से ज्यादा उसके नियमों के समान रूप से लागू होने पर सवाल उठने लगे हैं। शिविर में जनता के चुने हुए पार्षदों के मोबाइल जमा कराने, फोटो-वीडियो साझा नहीं करने और शिविर की गतिविधियों को सार्वजनिक नहीं करने जैसी पाबंदियों की चर्चा है। सवाल यह है कि यदि नियम इतने सख्त थे तो फिर शिविर की व्यवस्थाओं से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर कैसे पहुंच गए?

एक तरफ पार्षदों को मोबाइल से दूर रखकर शिविर की गतिविधियों को सार्वजनिक करने पर रोक, दूसरी तरफ व्यवस्थाओं में लगे कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया हैंडल पर उसी शिविर के वीडियो। ऐसे में स्वाभाविक सवाल है कि आखिर अनुशासन की यह व्यवस्था किसके लिए थी?

यदि नियम सभी के लिए थे तो सोशल मीडिया पर वीडियो डालने वालों पर भी वही अनुशासन लागू होना चाहिए। और यदि व्यवस्थाओं में लगे कार्यकर्ताओं को इसकी छूट थी, तो फिर जनता के वोट से चुने गए पार्षदों के मोबाइल जब्त करने जैसी सख्ती क्यों?

अब इसे अनुशासनहीनता कहें, नियमों में अंतर कहें या फिर शिविर में ही अपने-अपने तरीके से 'खास' दिखने की होड़—यह भाजपा का अंदरूनी मामला हो सकता है। लेकिन बाहर बैठे लोगों को इतना जरूर समझ नहीं आ रहा कि जब मोबाइल और सोशल मीडिया पर पहरा था, तो शिविर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया तक पहुंचने की इजाजत आखिर किसे और क्यों थी? यहां तक कि पार्षदों को अपने परीजनों से भी मिलने की इजाजत भी नहीं थी।

Related Articles