भाजपा का ग्राम विकास संकल्प-पत्र जारी, गांव-ढाणी तक सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य

 जयपुर, 12 अक्टूबर 2026 (न्याय स्तंभ) । भारतीय जनता पार्टी ने पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को प्रदेश कार्यालय में ‘ग्राम विकास संकल्प-पत्र’ जारी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सह प्रभारी कविता पाटीदार, कुलजीत चहल और संगठन महामंत्री अजेय कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम में नवनिर्मित ‘सेवा संकल्प सभागार’ का उद्घाटन भी किया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ग्राम विकास संकल्प-पत्र गांवों के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि विकास शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक गांव और ढाणी तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए गांवों का विकास जरूरी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार ने विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के लगभग 78 प्रतिशत कार्य पौने तीन साल में पूरे किए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम विकास संकल्प-पत्र में शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और डिजिटल सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की योजना है। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को इंटरनेट, ऑनलाइन शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी और आवेदन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाएगा। गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के लिए शहरों की ओर पलायन करने की जरूरत कम होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि जिस प्रकार निकाय चुनावों में भाजपा और समर्थित प्रत्याशियों को सफलता मिली, उसी तरह पंचायत चुनावों में भी पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ पहल को प्रदेश के संसाधनों और समय की बचत से जोड़ा। मुख्यमंत्री ने ग्राम सभाओं में गांवों के विकास से जुड़े निर्णय लेने की आवश्यकता पर जोर देते हुए पंचायत चुनाव में जनता से समर्थन की अपील की।

 

Related Articles