भाजपा जयपुर शहर ने कार्यकर्ताओं को दिखाई ‘धुरंधर’ फिल्म, चुनावों में जीत का मनाया भव्य उत्सव

जयपुर, 07 मई 2026(न्याय स्तंभ)। पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत की खुशी में भाजपा जयपुर शहर की ओर से गुरुवार को ईपी स्थित मिराज हॉल में भव्य विजय उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के लिए फिल्म धुरंधर की विशेष स्क्रीनिंग रखी गई, जिसके बाद रैली, आतिशबाजी और जयघोषों के साथ जीत का जश्न मनाया गया।

जयपुर शहर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि तीन राज्यों में मिली यह प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, संगठन की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक सफलता और “सिंदूर ऑपरेशन” की सफलता को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान कई बार “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे गूंजे।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच परिवार भाव और संगठनात्मक जुड़ाव मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष आयोजन किए गए। इस दौरान पश्चिम बंगाल चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ नेताओं का दुपट्टा ओढ़ाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही पारंपरिक झालमूड़ी (जालमुरी) का भी आयोजन किया गया, जिसका कार्यकर्ताओं ने आनंद लिया।

विजय उत्सव के तहत कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा के झंडे और तख्तियां लेकर रैली निकाली तथा आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, रवि नैयर, सोमकांत शर्मा और अशोक सैनी का विशेष सम्मान किया गया।

इस अवसर पर हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य, पूर्व महापौर कुसुम यादव, जयपुर शहर भाजपा के पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles