आयुक्त ओम कसेरा की निगरानी, उपायुक्त दुर्गा कुमारी की जिम्मेदारी… , फिर भी फायर शाखा बीमार!

बड़ी चौपड़ पर चार करोड़ का फायर सिस्टम बेहाल, हादसे के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, पुरोहित जी का कटला मामले में तत्कालीन फायर उपायुक्त मोनिका सोनी की मेहरबानी पर भी बवाल, शहर की व्यवसायिक इमारतें कर रही एनओसी का इंतजार!

जयपुर, 16 अक्टूबर (न्याय स्तंभ)। जयपुर नगर निगम की फायर शाखा का हाल यह है कि शहर को आग से बचाने वाले अधिकांश फायरकर्मी निगम में ही दूसरी शाखाओं में बाबूगिरी कर रहे हैं। सवाल उठना लाज़मी है कि जब फायरकर्मी ही अपने मूल काम से दूर होंगे, तो आग लगने पर सुरक्षा कौन संभालेगा? क्या नगर निगम में फायर सुरक्षा सिर्फ कागजी जिम्मेदारी बनकर रह गई है?

बड़ी चौपड़ के फायर हाइड्रेंट सिस्टम पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद उसकी कार्यक्षमता और रखरखाव पर आज भी सवालिया निशान लगा हुआ है । पुरोहित जी के कटले में कुछ दिनों पूर्व हुई आग की घटना ने व्यवस्था की पोल खोलने मे कोई कसर नहीं छोड़ी। सिस्टम की नियमित जांच किसने की, खामियां समय रहते क्यों नहीं सुधारी गईं और ठेकेदार के साथ जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही किसने तय की? जनता की गाढ़ी कमाई से बने सुरक्षा तंत्र को आखिर किसके भरोसे छोड़ दिया गया? 

अब यहां सबसे बड़ा सवाल ये भी है कि आखिर इस व्यस्तम मार्केट में एक रेस्टोरेंट को फायर एनओसी किसने और किन नियमों के तहत जारी की। इसको लेकर भी जांच होनी चाहिए। जानकारी के अनुसार इस बिल्डिंग की एनओसी तत्कालीन फायर उपायुक्त मोनिका सोनी ने दी थी। 

सबसे बड़ा सवाल तत्कालीन फायर उपायुक्त मोनिका सोनी की भूमिका पर है। उनके हस्ताक्षर से 14 नवंबर 2025 को त्रिपोलिया बाजार स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स के एमएस हेरिटेज रूफटॉप को फायर एनओसी जारी हुई, जो 13 नवंबर 2027 तक वैध है। आदेश में 24 घंटे फायर सिस्टम चालू रखने और प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात करने जैसी शर्तें हैं। सवाल है कि एनओसी जारी करने से पहले मौके पर सुरक्षा इंतजामों का कितना सत्यापन किया गया? क्या कागजों पर फायर सुरक्षा की शर्तें पूरी होना ही काफी था, या उनकी जमीनी हकीकत भी जांची गई? अब इस एनओसी और निर्धारित शर्तों के पालन की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा लंबी छुट्टी के बाद काम पर लौट आए हैं। बताया जाता है कि छुट्टी का आवेदन उन्होंने करीब दो महीने पहले दिया था। सवाल छुट्टी पर नहीं, प्रशासनिक निगरानी पर है। स्मार्ट सिटी के सीईओ के रूप में फायर सिस्टम की देखरेख और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए क्या व्यवस्था थी? क्या नियमित समीक्षा हुई और क्या संबंधित अधिकारियों को खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए? यदि व्यवस्था में कमी रही, तो जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।

वर्तमान फायर उपायुक्त दुर्गा कुमारी के सामने भी शाखा को दुरुस्त करने की चुनौती है। फायरकर्मियों की दूसरी शाखाओं में तैनाती की शिकायतों पर क्या कार्रवाई हुई? पुरोहित जी के कटले का सिस्टम दुरुस्त करने की दिशा में क्या प्रगति है? शहर के बड़े व्यावसायिक भवनों में फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों की पालना की जांच कितनी गंभीरता से हो रही है? इन सवालों पर विभाग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

नगर निगम नोटिस जारी कर अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकता। नोटिस के बाद कार्रवाई, नियमित निरीक्षण और सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करना भी उसी का दायित्व है। आखिर निगम का काम हादसे के बाद नोटिस भेजना है या हादसे से पहले लोगों की जान बचाना? आयुक्त से लेकर फायर उपायुक्त तक जवाबदेही तय होनी चाहिए, क्योंकि आग लगने पर कागजी कार्रवाई नहीं, दुरुस्त उपकरण और मुस्तैद फायरकर्मी ही जान बचाते हैं।

नोट:  खबर में फाइल फोटो का उपयोग किया गया है।

Related Articles