आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर निदेशक से वार्ता, ग्रेच्युटी आदेश जल्द होंगे जारी
जयपुर, 19 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ) के प्रतिनिधिमंडल ने महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक वासुदेव मालावत से मुलाकात कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न लंबित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में मानदेय भुगतान, ग्रेच्युटी, गैर-आईसीडीएस कार्यों से मुक्ति, सेवानिवृत्ति बीमा, इंक्रीमेंट सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक सहमति बनी।
प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा, प्रदेश प्रभारी भोला नाथ आचार्य, प्रदेश महामंत्री पूजा चौधरी, प्रदेश मंत्री उर्मिला मोड़ोतिया, शीला जांगिड़, उर्मिला शर्मा एवं अक्षय कुमार शामिल रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने मानदेय भुगतान में आ रही तकनीकी परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर निदेशक मालावत ने बताया कि तकनीकी समस्या का समाधान कर दिया गया है और सभी जिलों में भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अगले एक-दो माह में राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला मानदेय पूर्व की तरह एक साथ जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रेच्युटी के मुद्दे पर निदेशक ने बताया कि वित्त विभाग की ओर से उठाई गई आपत्तियों का निराकरण कर प्रस्ताव दोबारा भेज दिया गया है। अब जल्द ही ग्रेच्युटी संबंधी आदेश जारी होने की उम्मीद है, जिससे सेवानिवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राहत मिलेगी।
महासंघ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से गैर-आईसीडीएस कार्य नहीं करवाने की मांग भी रखी। इस पर निदेशक ने आश्वासन दिया कि मुख्यालय स्तर से राज्य सरकार को पत्र भेजा जाएगा तथा सभी जिला उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यकर्ताओं को गैर-आईसीडीएस कार्यों से मुक्त कराने के प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली बीमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने, सेनेटरी नैपकिन एवं फेस कैप्चरिंग की प्रक्रिया को आसान करने तथा पूर्व की भांति 5 और 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर इंक्रीमेंट देने के संबंध में भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि कार्य बहिष्कार, केंद्र बंद और हड़ताल को भारतीय मजदूर संघ का समर्थन नहीं था तथा संगठन से जुड़े सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित होते रहे और ऑनलाइन कार्य भी जारी रहा। इस पर निदेशक मालावत ने संतोष व्यक्त किया।
महासंघ पदाधिकारियों ने बताया कि 19 जून 2026 से विभागीय अधिकारियों के साथ यह चौथी बैठक है। उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग के साथ लगातार संवाद से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।