अमृत भारत योजना के तहत नवनिर्मित सोमेसर स्टेशन का शुभारंभ, पीएम मोदी ने किया वर्चुअल उद्घाटन

पाली, 17 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सोमेसर रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। सोमेसर स्टेशन पर आयोजित समारोह में देवस्थान, गौपालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने उद्घाटन पट्टिका का अनावरण किया। इस अवसर पर पाली सांसद पीपी चौधरी, मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजू भूतड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

डीआरएम राजू भूतड़ा ने बताया कि सोमेसर स्टेशन का पुनर्विकास 12.41 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। परियोजना के तहत आधुनिक स्टेशन भवन, नया द्वितीय प्रवेश द्वार, आकर्षक सर्कुलेटिंग एरिया, उन्नत प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्मों का नवीनीकरण और अतिरिक्त शेल्टर का निर्माण किया गया है। स्टेशन पर 90 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, एयर कंडीशनर, एचवीएलएस पंखा, हाई-स्पीड वाई-फाई, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और डिजिटल सूचना प्रणाली भी स्थापित की गई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, वीडियो वॉल, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियां तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं विकसित की गई हैं। फुट ओवर ब्रिज पर दो आधुनिक लिफ्ट और विशेष शौचालय भी बनाए गए हैं।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सोमेसर स्टेशन का आधुनिक स्वरूप यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा।

Related Articles