25 जुलाई बीती, भर्ती का इंतजार जारी... समझौता, आंदोलन और वायरल सूची चर्चा में
जयपुर, 25 जुलाई 2026(न्याय स्तंभ)। समझौते के बाद भी नहीं थमी खींचतान, डीएलबी में वार्ता और सड़कों पर आंदोलन के बीच अब वायरल सूची से बढ़ी हलचल
जयपुर। नगरीय निकायों में प्रस्तावित सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर प्रदेशभर में हलचल लगातार तेज होती जा रही है। एक ओर 1 जुलाई 2026 को स्वायत्त शासन विभाग, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारी संगठनों के बीच भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को लेकर समझौता हुआ था, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग संगठन अपनी मांगों को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बना रहे हैं।
इसी क्रम में संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ ने 23 जुलाई को प्रमुख शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग को पत्र लिखकर भर्ती की विज्ञप्ति शीघ्र जारी करने की मांग की। पत्र में कहा गया कि आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी प्रस्तावों पर निर्णय में समय लग सकता है, इसलिए पहले विज्ञप्ति जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाए तथा बाद में यदि कोई छूट स्वीकृत होती है तो आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर पात्र अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाए।
दूसरी ओर, 23 जुलाई को वाल्मीकि सेना ने जयपुर में अपनी मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन किया। आंदोलन में प्रदेशभर से समाज के प्रतिनिधि पहुंचे। आंदोलन के दौरान स्वायत्त शासन विभाग के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की और बाद में डीएलबी कार्यालय में भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के अधिनियम और संबंधित नियमों का हवाला देते हुए वाल्मीकि (मेहतर) समाज को प्राथमिकता देने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे सरकार तक भेजने का आश्वासन दिया।
इस बीच हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें भर्ती विज्ञप्ति पर टिकी हुई हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रशासन की ओर से 25 जुलाई तक भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक कोई विज्ञप्ति जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में असमंजस और इंतजार दोनों बढ़ गए हैं।
इधर सोशल मीडिया पर एक कथित वायरल सूची भी तेजी से चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, इस सूची की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और विभाग की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ऐसे में पहले हुआ समझौता, उसके बाद विभिन्न संगठनों की ओर से आंदोलन और ज्ञापन, अभ्यर्थियों का बढ़ता इंतजार तथा सोशल मीडिया पर वायरल सूची की चर्चाओं ने पूरे मामले को और अधिक चर्चित बना दिया है। अब सभी की निगाहें स्वायत्त शासन विभाग पर हैं कि भर्ती विज्ञप्ति कब जारी होती है और सरकार इस पूरे मामले पर क्या निर्णय लेती है।