17 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर श्रमिक हुंकार, पीएम के नाम सौंपेंगे ज्ञापन
जयपुर, 7 अगस्त 2026(न्याय स्तंभ)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) जिला जयपुर की बैठक में 17 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तय की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह गुर्जर ने की। इसमें वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एस.के. राठौर, क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिओम शर्मा, प्रदेश मंत्री आनंद प्रकाश, जिला मंत्री महेंद्र सैनी, मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार मीना सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 17 अगस्त को जयपुर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित कर जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए श्रमिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन के माध्यम से न्यूनतम मजदूरी 30 हजार रुपये प्रतिमाह, ईएसआईसी वेतन सीमा 42 हजार रुपये, ईपीएफ वेतन सीमा 30 हजार रुपये, न्यूनतम ईपीएस पेंशन 7,500 रुपये, बोनस पात्रता एवं गणना सीमा में वृद्धि, योजना कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी, समान कार्य के लिए समान वेतन, श्रम कानूनों में श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने तथा ग्रेच्युटी की सीमा 40 लाख रुपये करने जैसी प्रमुख मांगें उठाई जाएंगी। बीएमएस ने सभी श्रमिक संगठनों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने का आह्वान किया।